पुनीत राजकुमार का राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार, सीएम बसवराज सहित कई सितारों ने दी अंतिम विदाई !

0
418

कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार पुनीत राजकुमार का कांतीरवा स्टूडियो में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके अंतिम संस्कार में सीएम बसवराज भी शामिल हुए। साथ ही कई फिल्मी सितारों ने भी नम आंखों से अपने साथी कलाकार को अलविदा कहा। पुनीत राजकुमार को दिल का दौरा पड़ा और 29 अक्तूबर को अचानक उनका निधन हो गया। उनके निधन ने मनोरंजन जगत का गहरा झटका दिया है।

इससे पहले फैंस की बढ़ती भीड़ को देखने हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को अंतिम संस्कार करना उचित नहीं होगा। उन्होंने प्रशंसकों को यह भी दिलासा दिया था कि उनके पास पुनीत राजकुमार के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए शनिवार का पूरा दिन है। इसके बाद फैंस की भीड़ अपने चहिते सितारे के अंतिम दर्शन करने पहुंचीं। दरअसल कांतीरवा स्टेडियम के बाहर हजारों लाखों फैंस की भीड़ देख मुख्यमंत्री को यह फैसला लेना पड़ा।

अपने चहेते स्टार को अंतिम विदाई देने बालाकृष्ण, जूनियर एनटीआर भी पहुंचे। इस दौरान दोनों पुनीत के पार्थिव शरीर को देख रो पड़े। कांतीरवा स्टेडियम में इस वक्त हजारों की संख्या में भीड़ जमा हुई। सभी अपने चहेते स्टार की आखिरी झलक के लिए बेताब थे। पुनीत राजकुमार के अंतिम दर्शन के लिए कर्नाटक के गवर्नर थावरचंद गहलोत और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी पहुंचे।

बंगलूरू पुलिस ने एहतियात के तौर पर शहर की सभी शराब की दुकानों को दो रातों के लिए बंद रखने का निर्देश दिया है। पुलिस ने कहा कि कोई अप्रिय घटना ना हो इसके लिए गहन गश्त जरूरी है।अंतिम संस्कार के लिए उनकी बेटी धृति का इंतजार हो रहा था। उनके आते ही पुनीत राजकुमार का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, पुनीत दो घंटे से एक्सरसाइज कर रहे थे, जिसके बाद अचानक उनके सीने में दर्द उठा और अस्पताल में भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल में एडमिट कराने के कुछ देर बाद ही उनके निधन की खबर आ गई। बता दें, पुनीत के पिता राजकुमार का निधन भी हार्ट अटैक से हुआ था।

पिता की ही तरह अभिनेता पुनीत राजकुमार की भी आंखें दान कर दी गई हैं। पुनीत कुमार के पिता और प्रसिद्ध दक्षिण अभिनेता डॉ राजकुमार ने खुद 1994 में अपने पूरे परिवार की आंखों को दान करने का फैसला किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पुनीत राजकुमार के निधन पर दुख जताया। उन्होंने उनके साथ की ट्विटर पर एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में पीएम मोदी और पुनीत राजकुमार चेहरे पर मुस्कान के साथ फोटो खिंचवाते नजर आए थे। पीएम मोदी ने कहा कि यह पुनीत के जाने की उम्र नहीं थी।

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार चिरंजीवी ने पुनीत राजकुमार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘कर्नाटक के पावर स्टार अप्पू को खोना कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा नुक्सान है। वो हमारे परिवार के बहुत ही करीब थे और हमारी उनके साथ कई यादें जुड़ी हुई हैं।